Nagpur Riots : इस्लामिक संगठन के सदस्य फैजान खातिब की गिरफ्तारी

    28-Mar-2025
Total Views |
-दंगों के बाद 10 दिन तक छिपा रहा
-पुलिस रिमांड पर भेजा गया

Nagpur Riots Faizan Khateeb(Image Source : Internet) 
नागपुर।
नागपुर (Nagpur) में भड़के दंगों के बाद 10 दिनों तक अपने घर में छिपे इस्लामिक संगठन के सदस्य फैजान खातिब को पुलिस ने बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ एक और आरोपी, शहबाज काजी को भी पकड़ा गया। गुरुवार को दोनों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस का दावा है कि खातिब कट्टरपंथी विचारधारा रखता है और उसने भीड़ को भड़काने का काम किया। पहले अकोला में सक्रिय रहने वाला खातिब ईद के मौके पर एक महीने पहले नागपुर आया था। पुलिस ने 17 मार्च के सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान उसे पहचाना, जो दंगों के मुख्य केंद्र महल में मौजूद था। पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी दो अन्य आरोपियों, फहीम खान और उनके गुरु हामिद इंजीनियर के बाद तीसरी बड़ी सफलता मानी जा रही है।
 
सीसीटीवी फुटेज में आया खातिब का नाम
दंगे के दौरान की गई वीडियो विश्लेषण में फैजान खातिब को सुरक्षा एजेंसियों ने गांधी गेट और एक मस्जिद के पास देखा, जहां भीड़ ने पुलिस पर हमला किया था। हालांकि, वह न तो पत्थरबाजी करता दिखा और न ही पुलिसकर्मियों पर हमला करता नजर आया, लेकिन दो महत्वपूर्ण स्थानों पर उसकी बार-बार मौजूदगी ने सुरक्षा एजेंसियों को संदेह में डाल दिया। एक वीडियो में वह पुलिस से बहस करता हुआ दिखा, जब पुलिस उसे पीछे हटने के लिए कह रही थी। पुलिस ने खातिब और शहबाज काज़ी के मोबाइल जब्त कर लिए हैं, जिनकी जांच से दंगे की साजिश और उनके संपर्कों का खुलासा होने की संभावना है।
 
पहले भी विवादों में रहा है खातिब
फैजान खातिब पहले भी विवादों में रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, करीब 18 महीने पहले उसने एक अन्य समुदाय की लड़की के साथ भागकर शादी करने की कोशिश की थी, जिससे गांधी गेट क्षेत्र में तनाव पैदा हो गया था। पुलिस के अनुसार, खातिब इस्लामिक यूथ फेडरेशन नामक संगठन से जुड़ा हुआ है, जो युवाओं को धार्मिक रूप से जोड़ने का काम करता है। वहीं, फहीम खान और हामिद इंजीनियर अल्पसंख्यक लोकतांत्रिक पार्टी (MDP) के पदाधिकारी हैं। खातिब पहले से ही सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।