महायुति पूरी तरह तैयार: बावनकुले

    15-Oct-2024
Total Views |
 
Assembly Elections
 (Image Source : Internet)
नागपुर।
महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। मंगलवार दोपहर 3.30 बजे चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई जिसमें दोनों राज्यों के चुनाव की तारीखों की घोषणा हुई। चुनाव की तारीखों के ऐलान के मद्देनजर महाराष्ट्र के महायुति गठबंधन का जोश हाई दिख रहा है। महायुति के नेताओं का कहना है कि वे महाराष्ट्र चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। राज्य में फिर से उनकी महायुति की सरकार बनने जा रही है। चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष का बयान आया है। उन्होंने कहा है कि तीनों पार्टियों में सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय हो गया।
 
अगले दो से तीन दिनों में इसका ऐलान कर दिया जाएगा। चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, "महायुति चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। हम सबसे आगे जाएंगे। हमारी तीनों पार्टियों का फॉर्मूला भी तय है। 2-3 दिन में यह सामने आ जाएगा। महायुति लोगों के पास जाएगी, हम अपना घोषणापत्र उन्हें देंगे।"उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार अगले 5 साल के लिए सत्ता में है। अगर महाराष्ट्र में महायुति की सरकार बनती है तो डबल इंजन की सरकार लोगों का भला कर सकती है। महाराष्ट्र को विकास की ओर ले जा सकती है। अगर कांग्रेस को 1 वोट भी जाता है तो इससे विकास में बाधा आएगी।
 
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 145 सीट है। फिलहाल 201 सीटों के साथ महायुति गठबंधन सत्ता पर काबिज है। इस बार के चुनाव में महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच सीधा मुकाबला होगा।तारीखों का ऐलान होने को है, लेकिन अब तक दोनों ही गठबंधन की पार्टियों के बीच सीटों का बंटवारा नहीं हो पाया है। इसके लिए बातचीत और बैठकों का दौर लगातार जारी है।